रविवार, 28 अप्रैल 2024

सीमायें अपनी अपनी !

          

                                 सीमायें अपनी अपनी !

          "अरे,अरे भाई वहाँ कहाँ जा रहे हो? वह अपना हिस्सा नहीं है वह तो दुश्मन का हिस्सा है।"

         "अरे यह दुश्मन का हिस्सा क्या होता है? हर तरफ एक ही जैसा तो है । क्या यह लकड़ी के बाड़ लगा देने से जमीन के टुकड़े हो जाते हैं, आकाश के टुकड़े हो जाते हैं, हवा के टुकड़े हो जाते हैं या फिर माँ के टुकड़े हो जाते हैं। सब तो अपने ही है।" 

"अरे नहीं भाई तुम नहीं समझोगे हमारे मन और इन इंसानों के मन में बड़ा अंतर है। इन्हें दिल को बाँटने में भी समय नहीं लगता यह तो दिल में भी पत्थर की दीवार खड़ी कर लेते हैं,  फिर यह तो जमीन है इस पर तो खड़ी कर ही सकते हैं।"

"कितनी ऊँची?" 

"अरे ऊँची क्या, यही बहुत है। इसी से हिस्से बाँट हो गए।"

"लेकिन हम लोग क्यों मानेंगे? पानी हम यहाँ पियेंगे और फल वहाँ है तो वहाँ खायेंगे। हम चहचहायेंगे  तो हमारी आवाज दोनों तरफ जाएगी।  कोई मारेगा क्या हमको?" 

"नहीं तुम्हें या हमें तो नहीं शायद, लेकिन अगर आदमी आने लगे तो जरूर मार दिए जाएंगे क्योंकि उनके दिमाग में भी हिस्से हो गए हैं। कोई लड़ाई में विश्वास रखता है और कोई शांति में।" 

"तो इस तरह तो दुनिया ना चलने वाली।" 

 "चल तो रही है मेरे भाई कौन सी कमी दिख रही है, जिनके घरवालों को मार देते हैं, वे रोकर  रह जाते हैं और यह कसाई खुश होते है, जश्न मनाते हैं।"
 
"तब तो भाई इस बाड़ से अंदर उड़ चलो क्योंकि इन्होंने तो पेड़ न बचने दिए, पानी न बचने दिया हम कहाँ जाएंगे?" 

"किस तरफ जाओगे।" 

"वहाँ चलो जहाँ सुख-शाँति हो, हँसी खुशी हो। वही हमारा जहाँ है।" 

"सच भाई हम उसके हैं, जिसे न नीचे बँटवारा चाहिए और न ऊपर बँटवारा चाहिए। हमारी दुनिया तो दरख्तों में बसी है हमें तो हरे भरे दरख़्तों का आशियाना चाहिए।"
 
रेखा श्रीवास्तव 

गुरुवार, 25 अप्रैल 2024

कैसा रिश्ता !

 
                              कैसा रिश्ता !
 
"मैं जो कहता हूँ , तुम  सुनती क्यों नहीं?" पेड़ ने कहा।
 
"क्या सुनूँ?" चिड़िया ने बड़े शांत स्वर में कहा।
 
"उड़ जाओ यहाँ से, क्यों शहीद होना चाहती हो।"
 
"अपना घर छोड़ कौन जाता है?"
 
"आपातकाल में पहले परिवार बचाया जाता है, सो यहाँ से दूर उड़ जाओ।"
 
"कहाँ? बताओ न, कहाँ बचे हैं ऐसे पेड़, जहाँ सिर छिपा लूँ और लू, धूप न लगे।"
 
"जाओगी तो शरण भी मिल जायेगी। खोजना पड़ेगा।"
 
"बच्चों का जीवन तो देखो, उन्होंने अभी दुनिया नहीं देखी है।"
 
"उन्हें न रोकूँगी, सक्षम कर दिया जहाँ चाहे जा सकते है।"
 
"तो तुम मेरे साथ ही जलोगी। मेरे पास भागने का विकल्प होता भाग जाता, तुम तो जा सकती हो।"
 
"नहीं दादा, जब से इस पेड़ पर हूँ, कितने अण्डे दिये, बच्चे हुए अपनी छाँव में बचाकर रखा। इन्हीं डालियों और पत्तों पर विष्ठा करके मलिन किया। अब चली जाऊँ और आप जल जायें। नहीं अब तो साथ ही जलेंगे।"
 
"अरी मूर्ख समझती क्यों नहीं? उड़ जा।"
 
"नहीं, नहीं, नहीं। " चिड़िया अपने घोंसले में चुपचाप लेट गयी !

-- रेखा श्रीवास्तव